छत्तीसगढ़ में मौसम हुआ सुहाना, झमाझम बारिश से जनजीवन प्रभावित,
कहीं बिजली गुल तो कहीं यातायात बाधित, प्रशासन अलर्ट।
सी एन आइ न्यूज-पुरुषोत्तम जोशी। रायपुर -छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों से हो रही लगातार बारिश ने जहां लोगों को उमस और गर्मी से बड़ी राहत दिलाई है, वहीं कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हुआ है, राजधानी रायपुर सहित धमतरी,दुर्ग, राजनांदगांव, महासमुंद, बलौदा बाजार -भाटापारा, कांकेर, बस्तर, और सरगुजा संभाग के अनेक क्षेत्रों में रुक-रुक कर तेज बारिश दर्ज की गई है। बारिश के कारण कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई है जिसके कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। राजधानी के कुछ स्थानों में सड़क पर पानी भर जाने से यातायात प्रभावित हुआ है , ग्रामीण क्षेत्रों के कच्चे इलाकों में कीचड़ हो जाने के कारण यातायात प्रभावित हुआ है। तेज हवा और बारिश के कारण कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। विद्युत विभाग की टीमें मरम्मत कार्य में जुटी रही। प्रशासन ने सभी जिला अधिकारीयों, नगर निगमों, नगर पालिकाओं तथा आपदा प्रबंधन दलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। जलभराव वाले क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर बचाव दलों को तुरंत रवाना करने की व्यवस्था की गई है। नागरिकों से अपील की गई है कि अनावश्यक रूप से जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें और मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनीयों का पालन करें। मौसम विभाग के अनुसार आगामी कुछ दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.