बसना विधान सभा के विभिन्न गांवों की रथ यात्रा में शामिल होकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की : मोक्ष कुमार प्रधान
महासमुंद / बसना। भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु की पावन रथ यात्रा के शुभ अवसर पर बसना विधानसभा के सक्रिय कांग्रेस नेता, पूर्व अध्यक्ष कोलता समाज युवा प्रकोष्ठ एवं जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में आयोजित धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल होकर भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा समूचे क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली एवं जनकल्याण की कामना की।
मोक्ष कुमार प्रधान ने ग्राम गौरटेक, बोहारपार स्थित साहू समाज के माता कर्मा मंदिर, बरबसपुर एवं बोइरडीह सहित विभिन्न गांवों में आयोजित रथ यात्रा एवं धार्मिक आयोजनों में श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना कर भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने रथ खींचकर धार्मिक परंपरा में सहभागिता निभाई तथा बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं, ग्रामीणजनों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं से आत्मीय मुलाकात कर सभी को रथ यात्रा की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ की रथ यात्रा केवल एक धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, भाईचारे, सेवा, प्रेम और भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है। यह पर्व समाज को एकता, सद्भाव और मानव सेवा का संदेश देता है। भगवान श्री जगन्नाथ का आशीर्वाद सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उन्नति लेकर आए, यही हमारी मंगलकामना है।
मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि बसना विधानसभा की जनता हमेशा धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेती है। यही हमारी संस्कृति और पहचान है। क्षेत्र के गांवों में उमड़े श्रद्धालुओं की आस्था, उत्साह और भक्ति देखकर मन अत्यंत आनंदित हुआ। उन्होंने सभी आयोजन समितियों, ग्रामीणों एवं सामाजिक संगठनों को सफल आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते क्षेत्र की जनता के सुख-दुख में सहभागी होना मेरी प्राथमिक जिम्मेदारी है। धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज में आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारा और अधिक मजबूत होता है। आने वाले समय में भी क्षेत्र के विकास, जनसेवा और सामाजिक समरसता के लिए निरंतर कार्य करता रहूंगा।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा साथी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे क्षेत्र में भगवान श्री जगन्नाथ के जयघोष, भजन-कीर्तन और भक्तिमय वातावरण ने रथ यात्रा को भव्य एवं ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.