सरेंखा में आबादी पट्टों को लेकर विवाद, ग्रामीणों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
गुण्डरदेही। ग्राम पंचायत सरेंखा में आबादी पट्टों के वितरण को लेकर विवाद गहरा गया है। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपते हुए पूर्व सरपंच नीतू हेमंत साहू पर अवैधानिक तरीके से आबादी पट्टे वितरित करने का आरोप लगाया है। साथ ही ऐसे सभी पट्टों की जांच कर उन्हें तत्काल निरस्त करने की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पूर्व सरपंच नीतू हेमंत साहू ने पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामवासियों को विश्वास में लिए बिना अपने चहेते लोगों को आबादी पट्टे जारी कर दिए। ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान में ग्राम भोइनापार निवासी योगेश्वर साहू एवं निजानंद साहू द्वारा संबंधित भूमि पर मकान निर्माण कराया जा रहा है, जिस पर तत्काल रोक लगाई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्य जारी रहा और किसी प्रकार की विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई तो इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पूर्व सरपंच के कार्यकाल में जारी सभी आबादी पट्टों की निष्पक्ष जांच कर उन्हें निरस्त किया जाए तथा पात्र गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को नियमों के अनुसार पुनः पट्टे वितरित किए जाएं।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि कई ऐसे लोगों को पट्टे दिए गए हैं जो आर्थिक रूप से संपन्न हैं, सरकारी नौकरी में हैं अथवा पहले से पक्के मकानों के मालिक हैं, जबकि गांव के कई गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार आज भी आबादी पट्टे से वंचित हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन को 15 दिनों का अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि यदि निर्धारित समय में जांच कर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो वे गुण्डरदेही–बालोद–दल्लीराजहरा मुख्य मार्ग पर ग्राम सीकोसा के पास धरना-प्रदर्शन एवं चक्का जाम करेंगे। इसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने वालों में संजय यादव, गोपीराम, चेतन, भूपेन्द्र, शोभाराम, शत्रुघ्न लाल, धनसिंह, नरेश कुमार, राधेश्याम, गणपत, तुकाराम, मोतीलाल, लीलाराम, अलखराम, शेखर ठाकुर, येलाल, विष्णुराम, चित्रकांत साहू, उपेन्द्र साहू, मुकेश, बालचंद, छोटेलाल, देवकुमार, देवदास, टिकम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे।
(नोट: यह समाचार ग्रामीणों द्वारा एसडीएम को दिए गए ज्ञापन एवं लगाए गए आरोपों पर आधारित है। संबंधित पक्ष का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.