सारंगढ़-बिलाईगढ़
14.07. 2026
नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक (SP) श्री सुनील शर्मा द्वारा जिले के सभी पुलिस अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली गई।
आम जनता की सुरक्षा और उनका विश्वास ही पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता: एसपी सुनील शर्मा
अवैध शराब, सट्टा-जुआ और असामाजिक तत्वों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई।
जिला सारंगढ़ बिलाईगढ़ पुलिस में आज से एक नए नेतृत्व की शुरुआत हुई है। वर्ष 2017 बैच के आईपीएस (IPS) अधिकारी श्री सुनील शर्मा ने जिले के नए पुलिस अधीक्षक के रूप में विधिवत पदभार संभाल लिया है।
पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद नए पुलिस कप्तान सीधे एक्शन मोड में नजर आए और उन्होंने जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना व चौकी प्रभारियों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम और लंबे समय से लंबित मामलों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। साथ ही, उन्होंने जिले में सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों पर भी अधिकारियों से गंभीर चर्चा की।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों को संबोधित करते हुए एसपी सुनील शर्मा ने कहा,जिले के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी एकजुटता व टीम भावना के साथ काम करना होगा। आम जनता की सुरक्षा और पुलिस पर उनका विश्वास ही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही उन्होंने थाना स्तर पर पुलिस की सक्रियता बढ़ाने और आम नागरिकों की शिकायतों का त्वरित व संतोषजनक निवारण करने पर विशेष बल दिया।
इसके साथ ही उन्होंने गंभीर अपराधों के जल्द निपटारे, फरार एवं वांछित अपराधियों की धरपकड़ करने तथा अवैध शराब, सट्टा, जुआ और असामाजिक तत्वों के खिलाफ बड़े स्तर पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने के कड़े निर्देश जारी किए।
इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पांडेय, एसडीओपी सारंगढ़ श्रीमती स्नेहिल साहू, एसडीओपी बिलाईगढ़ श्री विजय कुमार ठाकुर, डीएसपी मुख्यालय श्रीमती संतोषी ग्रेस और रक्षित निरीक्षक जितेंद्र कुमार चंद्रा सहित जिले के सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे।




















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.