आईजी गर्ग ने किया एसपी आफिस एवं थाना डभरा का निरीक्षण
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
सक्ती - बिलासपुर संभाग के पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग (आईपीएस) आज जिला सक्ती प्रवास पर पहुंचे। इस दौरान पुलिस महानिरीक्षक महोदय द्वारा सर्वप्रथम पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का सन्देश दिया। इसके पश्चात उन्होंने आमजनों के सुविधा हेतु पुलिस अधीक्षक कार्यालय सक्ती में नवनिर्मित आगंतुक कक्ष एवं वाहन शेड का उद्घाटन तथा कार्यालय की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिस महानिरीक्षक महोदय द्वारा अपने गोद लिये हुये थाना डभरा का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। थाना परिसर में सर्वप्रथम वृक्षारोपण किया गया तथा नवनिर्मित थाना भवन का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया एवं जल्दी नवनिर्मित भवन में शिफ्ट होने साथ ही पुराने थाना भवन के रख-रखाव एवं परिसर की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया। पुलिस महानिरीक्षक ने थाना डभरा के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किये तथा थाना क्षेत्र के गुंडा बदमाश , निगरानी बदमाश , माफी बदमाश एवं सजायाफ्ता व्यक्तियों की जानकारी लेते हुये उनकी वर्तमान स्थिति एवं गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने ऐसे व्यक्तियों पर सतत निगरानी रखने एवं अपराधों की रोकथाम हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। एक निगरानी / गुंडा बदमाश एक विवेचक के निर्देश का पालन करने कहा गया। निरीक्षण के दौरान पुराने एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुये उन्हें आगामी एक माह के भीतर प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के स्पष्ट निर्देश दिये गये। साथ ही समंस एवं वारंट की प्रभावी तामिली सुनिश्चित करने अदम तामिली की तस्दीक़ी करने ई समंस का शत प्रतिशत उपयोग करने तथा गुंडा एवं निगरानी बदमाशों की नियमित चेकिंग एवं निगरानी करने के निर्देश दिये गये। सशक्त एप का अधिक से अधिक उपयोग करने निर्देशित किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सक्ती प्रफुल्ल ठाकुर , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल , एसडीओपी सक्ती श्रीमती भुवनेश्वरी पैकरा , एसडीओपी चंद्रपुर सुमित गुप्ता एवं थाना प्रभारी डभरा राजेश पटेल सहित जिले के अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.