रक्षाबंधन से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, मिठाई दुकानों की जांच में लिए नमूने और एक्सपायरी सामग्री नष्ट
रक्षाबंधन त्यौहार को देखते हुए खाद्य सुरक्षा प्रशासन बालाघाट द्वारा मिठाई दुकानों, होटल एवं रेस्टोरेंट में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच का अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य सामग्री के नमूने लिए गए तथा एक्सपायरी एवं दूषित खाद्य सामग्री का मौके पर ही विनष्टीकरण कराया गया।
खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा मां शक्ति वैशाली बीकानेर स्वीट्स की जांच की गई। इस दौरान खाद्य लाइसेंस एवं रजिस्ट्रेशन के साथ दुकान की साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान कलाकंद एवं रसगुल्ला के नमूने लिए गए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। मलिकार्जुन होटल के सामने स्थित राजेश मिष्ठान भंडार का भी निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान लगभग 2,000 रुपये मूल्य की आउटडेटेड खाद्य सामग्री पाई गई, जिसका मौके पर ही विनष्टीकरण कराया गया। इसके अलावा मलाई पेड़ा एवं मलाई बर्फी के नमूने लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं।
बालाघाट बस स्टैंड क्षेत्र स्थित होटल एवं रेस्टोरेंट में भी खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा निरीक्षण एवं नमूना कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में यश बेकरी एवं शिवाय आइसक्रीम हब की जांच की गई। यश बेकरी से मावा पेड़ा एवं मलाई पेड़ा के नमूने जांच के लिए लिए गए। जांच के दौरान शिवाय आइसक्रीम हब बिना खाद्य रजिस्ट्रेशन के संचालित पाया गया। इस पर खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा प्रकरण तैयार किया गया तथा मौके पर ही खाद्य कारोबार बंद कराया गया। दुकान में लगभग 1,500 रुपये मूल्य की दूषित एवं एक्सपायरी खाद्य सामग्री पाई गई, जिसका मौके पर विनष्टीकरण कराया गया।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत संबंधित खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध आगामी कार्रवाई की जाएगी। रक्षाबंधन त्यौहार के मद्देनजर खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच और नमूना कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.