सारंगढ़–बिलाईगढ़
--------------------------------------
समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने जनसमस्याओं, योजनाओं और सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा
जनदर्शन और सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों के शीघ्र और संतोषजनक निराकरण के निर्देश
17 सितंबर से शुरू होने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियां समय पर पूरी करने कहा
निर्माण कार्यों में तेजी, गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 8 सितंबर 2026/ कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में शासन की योजनाओं, विकास एवं निर्माण कार्यों तथा आम नागरिकों से जुड़े लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों में गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए लंबित मामलों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जनदर्शन एवं सीएम हेल्पलाइन में लंबित आवेदनों और शिकायतों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि आम नागरिक अपनी समस्याओं के समाधान की अपेक्षा के साथ प्रशासन के पास आते हैं, इसलिए उनके आवेदनों का निराकरण प्राथमिकता से किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यकता पड़ने पर शिकायतकर्ताओं एवं आवेदकों से सीधे संपर्क कर उनकी वास्तविक समस्या को समझते हुए संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों पर विशेष जोर
बैठक में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले प्रदेशव्यापी सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। अभियान के माध्यम से जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने, विकसित भारत @2047 के संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाने तथा केंद्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
कलेक्टर ने अभियान के सफल संचालन के लिए गठित जिला स्तरीय टास्क फोर्स के माध्यम से सभी गतिविधियों का बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को जिला नोडल अधिकारी बनाया गया है। अभियान के दौरान ग्राम से जिला स्तर तक विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, हितग्राहियों एवं आम नागरिकों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
12 पहलों के माध्यम से जनभागीदारी का अभियान
सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत 17 सितंबर की संध्या “आशीर्वाद का दीया” पहल से होगी। इसके साथ ही बच्चों और युवाओं के लिए विभिन्न गतिविधियां, नुक्कड़ नाटक, हितग्राहियों की सफलता की कहानियां तथा जनसेवा से जुड़ी अन्य पहलें आयोजित की जाएंगी।
अभियान के दौरान विकसित भारत संकल्प यात्रा, सेवा ज्योति यात्रा, जल जन सेवा संकल्प, सेवा—मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार, रंगोली राष्ट्र और राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज सहित 12 विविध गतिविधियों के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ा जाएगा। कलेक्टर ने सभी विभागों को अपनी जिम्मेदारियों के अनुरूप तैयारियां समय पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निर्माण कार्यों और सड़कों की स्थिति की भी समीक्षा
कलेक्टर ने बैठक में विभिन्न विभागों के निर्माणाधीन शासकीय भवनों एवं अन्य विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में और गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं।
जिले की सड़कों की स्थिति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सड़कों के गड्ढों को प्राथमिकता से भरने और आवागमन में आम नागरिकों को होने वाली परेशानियों को दूर करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों और जनसमस्याओं के निराकरण में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करें तथा पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से पहुंचाना सुनिश्चित करें।



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.