सारंगढ़–बिलाईगढ़
---------------
विकसित भारत जी राम जी योजना के कार्यों में तेजी लाएं, श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर समय-सीमा में करें पूर्ण – कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू
जी राम जी योजना के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
पीएम एवं मुख्यमंत्री आवास योजना की प्रगति की समीक्षा
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 09 सितंबर 2026/ कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत जिले में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक ली।
बैठक में उन्होंने योजना अंतर्गत स्वीकृत, प्रगतिरत एवं निर्माणाधीन कार्यों की विस्तृत जानकारी लेते हुए कार्यों में तेजी लाकर निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में योजना के तहत कराए जा रहे शौचालय निर्माण, मुक्तिधाम निर्माण, रिचार्ज पिट निर्माण तथा रेन वाटर हार्वेस्टिंग सहित अन्य कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने प्रत्येक कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए धीमी गति से चल रहे निर्माण कार्यों पर तेजी लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने एपीओ शशिकांत गुप्ता को आवश्यकता के अनुरूप श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने जिले में स्वीकृत आवासों के विरुद्ध पूर्ण, अपूर्ण एवं अप्रारंभ आवासों की जानकारी ली और लंबित आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत एवं निर्माणाधीन आवासों की स्थिति की भी समीक्षा की।
कलेक्टर ने ऐसे प्रकरणों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, जिनमें आवास स्वीकृत होने एवं राशि जारी होने के बावजूद हितग्राहियों द्वारा निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है। उन्होंने संबंधित हितग्राहियों को नियमानुसार नोटिस जारी करने तथा इसके बाद भी निर्माण प्रारंभ नहीं किए जाने की स्थिति में नियमानुसार राशि वसूली की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत स्वीकृत कार्यों का लाभ समय पर आम नागरिकों तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए अधिकारी मैदानी स्तर पर नियमित निरीक्षण एवं मॉनिटरिंग करते हुए लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण कराएं।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी, डिप्टी कलेक्टर राणा विजय, बरमकेला प्रभारी जनपद सीईओ शिक्षा शर्मा, सारंगढ़ जनपद सीईओ राधेश्याम नायक, बिलाईगढ़ जनपद सीईओ योगेश्वरी बर्मन, एपीओ शशिकांत गुप्ता, संजू पटेल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.