दिनांक : 31 अक्टूबर 2026
जिला : विदिशा
राष्ट्रीय एकता दिवस एवं सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर विदिशा में भव्य मैराथन का आयोजन, 500 से अधिक खिलाड़ियों ने लिया उत्साहपूर्वक हिस्सा
जिला पंचायत अध्यक्ष, विधायक, कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने शपथ दिलाकर मैराथन को दिखाई हरी झंडी, अधिकारियों ने भी खिलाड़ियों के साथ पूरी की दौड़
एकता, अनुशासन एवं फिटनेस का दिया संदेश, विजेता प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार एवं शील्ड से किया सम्मानित
राष्ट्रीय एकता दिवस एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर जिला पुलिस बल विदिशा द्वारा 31 अक्टूबर 2026 को पुलिस लाइन विदिशा में 5 किलोमीटर मैराथन का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गीता कैलाश रघुवंशी, विधायक श्री मुकेश टंडन, जिला कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता एवं पुलिस अधीक्षक विदिशा श्री रोहित काशवानी एवं वन मंडलाधिकारी श्री हेमंत यादव ने उपस्थित प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ दिलाई तथा हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया।
मैराथन में विशेष बात यह रही कि जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने केवल प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन ही नहीं किया, बल्कि स्वयं भी खिलाड़ियों के साथ दौड़ में शामिल होकर मैराथन पूरी की। इससे प्रतिभागियों में विशेष उत्साह एवं ऊर्जा का संचार हुआ।
मैराथन का शुभारंभ पुलिस लाइन से होकर निर्धारित 5 किलोमीटर मार्ग नीमताल ओवरब्रिज, ट्रैफिक थाना, खेल स्टेडियम एवं हरिपुरा पुलिया से गुजरते हुए पुनः पुलिस लाइन विदिशा में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में अंडर-15 एवं 15 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका तिवारी सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी, खेल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, पत्रकारगण एवं विदिशा रनर्स ग्रुप के करीब 20 रनर्स समेत 200 से अधिक खिलाड़ियों ने दौड़ में भाग लिया।
प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः ₹3,000, ₹2,000 एवं ₹1,000 की नकद पुरस्कार राशि के साथ शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
आयोजन का मुख्य उद्देश्य लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के प्रति योगदान को स्मरण करते हुए युवाओं में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव, अनुशासन एवं खेल भावना को प्रोत्साहित करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश जन-जन तक पहुंचाना रहा।























No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.