दिनांक : 02 नवंबर 2026
जिला : विदिशा
सिरोंज पुलिस की कार्रवाई में 1 किलो 214 ग्राम अवैध गांजा एवं नगदी सहित कुल ₹20,150 का मशरूका जप्त, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक विदिशा श्री रोहित काशवानी के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिरोंज पुलिस द्वारा प्रभावी कार्रवाई करते हुए 1 किलो 214 ग्राम अवैध गांजा एवं नगदी सहित कुल ₹20,150 का मशरूका जप्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
उक्त कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका तिवारी एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) सिरोंज श्री लोकेन्द्र सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सिरोंज श्री गजेन्द्र सिंह बुंदेला के नेतृत्व में की गई।
घटना एवं कार्रवाई का विवरण:
दिनांक 01 नवंबर 2026 को थाना सिरोंज पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति सिरोंज-भोपाल रोड पर ग्राम रीछन जोड़ के आसपास अवैध गांजा बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस वाहन को देखकर संदिग्ध व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 1 किलो 214 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा, एक तौल कांटा एवं नगदी बरामद हुई। पुलिस ने उक्त सामग्री को विधिवत जप्त किया। जप्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत लगभग ₹20,000 तथा नगदी सहित कुल जप्त मशरूका ₹20,150 है।
वैधानिक कार्रवाई:
मामले में थाना सिरोंज में अपराध क्रमांक 542/26, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से जेल वारंट प्राप्त होने पर उसे जेल दाखिल कराया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
किशनलाल पिता रामप्रसाद कुशवाह, उम्र 50 वर्ष, निवासी ग्राम रीछन, थाना सिरोंज, जिला विदिशा।
सराहनीय भूमिका:
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी सिरोंज श्री गजेन्द्र सिंह बुंदेला, उप निरीक्षक श्री लक्ष्मी नारायण गिरी, सहायक उप निरीक्षक श्री भैरूलाल दांगी, आरक्षक वीरेन्द्र धाकड़, आरक्षक रामू ओझा एवं सैनिक अजय शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
विदिशा पुलिस की अपील:
विदिशा पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी है। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आमजन से अपील है कि नशे से संबंधित किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.