पेड़ से टकराकर धनुष की तरह मुड़ी कार, एक घर का बुझा चिराग; नाबालिगों को वाहन देने पर पुलिस सख्त
भटगांव में रफ्तार का कहर: 18 वर्षीय ताहिर की मौत, साथी अकरम गंभीर; पुलिस ने अभिभावकों को दी कड़ी चेतावनी
बिलाईगढ़/भटगांव। तेज रफ्तार और वाहन चलाने में बरती गई लापरवाही ने एक बार फिर दर्दनाक हादसे को जन्म दे दिया। शनिवार सुबह नगर पंचायत भटगांव के मुख्य मार्ग पर अल्टो कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और पूरी गाड़ी धनुष के आकार में मुड़ गई। इस हादसे में 18 वर्षीय ताहिर खान की जान चली गई, जबकि उसका साथी अकरम खान गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, कार क्रमांक CG 12 D 5316 में अकरम खान और ताहिर खान सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की रफ्तार काफी तेज थी। इसी दौरान अचानक ब्रेक लगाने से वाहन अनियंत्रित हो गया और सीधे पेड़ से जा टकराया। दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा कार की हालत देखकर लगाया जा सकता है।
सूचना मिलते ही भटगांव पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलाईगढ़ पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने ताहिर खान को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल अकरम खान को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया।
हादसे के बाद पुलिस की अभिभावकों से दो टूक अपील
घटना के बाद भटगांव पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए बिल्कुल न दें। बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाना कानूनन गलत है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि अभिभावक अपने नाबालिग बच्चों को वाहन उपलब्ध कराते हैं और उनके द्वारा दुर्घटना या नियमों का उल्लंघन किया जाता है, तो संबंधित अभिभावकों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
इस हादसे ने एक बार फिर कम उम्र में वाहन चलाने, तेज रफ्तार और अभिभावकों की लापरवाही जैसे गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक परिवार ने अपना जवान बेटा खो दिया, वहीं दूसरा युवक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।




















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.