जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों के लिए तीन दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार शिविर का होगा आयोजन
उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा की पहल पर सत्य साईं हॉस्पिटल रायपुर एवं चिरायु कार्यक्रम के संयुक्त सहयोग से मिलेगी विशेषज्ञ चिकित्सकीय सुविधा
27 से 29 नवंबर तक कुकदूर, तरेगांव एवं रेंगाखार में आयोजित होंगे शिविर, गर्भवती माताओं की निःशुल्क सोनोग्राफी एवं नेत्र जांच की भी मिलेगी सुविधा
कवर्धा, 13 नवंबर 2026। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा के निर्देश एवं पहल पर सत्य साईं हॉस्पिटल, रायपुर तथा राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (चिरायु) के संयुक्त सहयोग से जिले में जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों के लिए तीन दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में बच्चों की विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जांच एवं उपचार के साथ-साथ आम नागरिकों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, नेत्र जांच तथा गर्भवती माताओं के लिए निःशुल्क सोनोग्राफी की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 27 नवंबर 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुकदूर, 28 नवंबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तरेगांव तथा 29 नवंबर 2026 को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रेंगाखार में शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविर में 0 से 18 वर्ष तक के बच्चों की विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य जांच की जाएगी। विशेष रूप से ऐसे बच्चों को शिविर में लाने की अपील की गई है, जिन्हें जन्म से हृदय में छेद होने, शरीर या होंठों का नीला पड़ना, सांस फूलना, बार-बार निमोनिया होना, कमजोरी, दूध पीते समय जल्दी थक जाना, वजन नहीं बढ़ना अथवा शारीरिक विकास में कमी जैसी समस्याएं हैं।
शिविर का मुख्य उद्देश्य जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों की समय पर पहचान कर उन्हें निःशुल्क हृदय जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यकतानुसार बेहतर उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही आम नागरिकों को स्वास्थ्य एवं नेत्र संबंधी समस्याओं की जांच तथा गर्भवती माताओं को निःशुल्क सोनोग्राफी की सुविधा प्रदान की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने जिले के समस्त नागरिकों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं स्थान पर आयोजित शिविर में पहुंचकर उपलब्ध निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। विशेषकर जन्मजात हृदय रोग के लक्षण वाले बच्चों के अभिभावक अपने बच्चों को जांच के लिए शिविर में अवश्य लेकर आएं। साथ ही गर्भवती माताएं भी निःशुल्क सोनोग्राफी सुविधा का लाभ उठाएं।
CNI NEWS कवर्धा छत्तीसगढ़ से अनवर खान की रिपोर्ट


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.