पनिका समाज जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ ने आदिवासी मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में निवासरत पनिका/पनका जाति को 8 दिसंबर 1971 की पूर्व स्थिति के अनुसार अनुसूचित जनजाति की सूची में शामिल करने की उठाई मांग
सारंगढ़ बिलाईगढ़। मानिकपुरी पनिका समाज जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ द्वारा पनिका/पनका जाति को छत्तीसगढ़ राज्य के संपूर्ण क्षेत्र में अनुसूचित जनजाति (आदिवासी) वर्ग में शामिल करने की मांग को लेकर माननीय मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन के नाम जिला कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया।
समाज ने ज्ञापन के माध्यम से शासन का ध्यान पनिका समाज के ऐतिहासिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं संवैधानिक अधिकारों की ओर आकर्षित करते हुए मांग की है कि 08 दिसंबर 1971 के पूर्व मध्यप्रदेश की स्थिति के अनुरूप छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में निवासरत पनिका/पनका जाति को अनुसूचित जनजाति की सूची में शामिल किया जाए।
समाज द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि वर्ष 1950 से अविभाजित मध्यप्रदेश के संपूर्ण जिलों में पनिका/पनका जाति अनुसूचित जनजाति वर्ग में शामिल थी। समाज का रहन-सहन, खान-पान, वेशभूषा, रीति-रिवाज एवं सामाजिक परंपराएं अन्य आदिवासी समुदायों के समान रही हैं।
ऐतिहासिक दस्तावेजों एवं शोध रिपोर्टों का दिया हवाला
ज्ञापन में समाज ने अपने पक्ष में विभिन्न ऐतिहासिक दस्तावेजों एवं शोध रिपोर्टों का उल्लेख किया है। इसमें आर.व्ही. रसेल की पुस्तक 'दी ट्राइब्स एंड कास्ट्स ऑफ दी सेंट्रल प्रोविंसेस ऑफ इंडिया', विलियम क्रुक की पुस्तक तथा डॉ. डी.एन. मजूमदार की शोध सामग्री सहित अन्य पुस्तकों का हवाला दिया गया है, जिनमें पनिका जाति का उल्लेख आदिम जाति एवं जनजातीय समुदाय के रूप में किया गया है।
इसके अतिरिक्त नागपुर दिनांक 31 मई 1949 के भू-अधिकार आदेश एवं नियमों का भी उल्लेख किया गया है, जिसमें पनिका जाति को आदिम जाति के रूप में मान्यता मिलने की बात कही गई है।
वर्ष 2006 में अनुसूचित जनजाति आयोग ने की थी अनुशंसा
ज्ञापन में बताया गया है कि छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग द्वारा वर्ष 2006 में आवेदन क्रमांक 2115/अनुजनजाति/2005-06, दिनांक 30 मार्च 2006 के माध्यम से पनिका जाति को अनुसूचित जनजाति वर्ग में शामिल करने की अनुशंसा की गई थी। आयोग ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में निवासरत पनिका समाज का विस्तृत अध्ययन किया था। अध्ययन में समाज की सामाजिक, सांस्कृतिक, धार्मिक एवं पारंपरिक जीवनशैली का परीक्षण किया गया तथा पनिका जाति के आदिवासी स्वरूप से संबंधित तथ्यों का उल्लेख किया गया।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा वर्ष 1985 में प्रकाशित राजपत्र में पनिका/पनका जाति को कुछ जिलों को छोड़कर शेष मध्यप्रदेश के लिए पिछड़ा वर्ग की अनुसूची में शामिल किया गया था। वहीं, छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के बाद वर्ष 2004 में मध्यप्रदेश शासन के आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति कल्याण विभाग द्वारा पनिका जनजाति को संपूर्ण मध्यप्रदेश में अधिसूचित करने के संबंध में केंद्र सरकार को अनुशंसा भेजे जाने का भी उल्लेख किया गया है।
छत्तीसगढ़ के 33 जिलों में लगभग 12 लाख आबादी होने का दावा
समाज के ज्ञापन के अनुसार छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों में पनिका/पनका समाज की आबादी लगभग 12 लाख अनुमानित है। समाज का दावा है कि प्रदेश की लगभग 90 विधानसभा सीटों में से 25 विधानसभा क्षेत्रों में पनिका समाज के मतदाताओं की निर्णायक संख्या है। इसके बावजूद समाज आज भी सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक एवं राजनीतिक दृष्टि से पिछड़ा हुआ है तथा विभिन्न स्तरों पर उपेक्षा का सामना कर रहा है।
समाज ने शासन से की न्यायोचित मांग पूरी करने की अपील
मानीकपुरी पनिका समाज ने मुख्यमंत्री एवं शासन-प्रशासन से मांग की है कि ऐतिहासिक दस्तावेजों, पूर्ववर्ती शासन की अनुशंसाओं तथा अनुसूचित जनजाति आयोग की रिपोर्ट को प्राथमिकता के आधार पर ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ के संपूर्ण क्षेत्र में पनिका/पनका जाति को 08 दिसंबर 1971 की पूर्व स्थिति के अनुसार अनुसूचित जनजाति की सूची में शामिल करने की दिशा में आवश्यक पहल की जाए।
ज्ञापन में समाज ने कहा है कि पनिका समाज लंबे समय से अपने संवैधानिक अधिकार एवं सामाजिक न्याय की मांग कर रहा है। अतः शासन इस मांग पर गंभीरता से विचार कर समाज को न्याय दिलाने की पहल करे।
इस अवसर पर राष्ट्रीय पनिका समाज विकास परिषद नई दिल्ली का छ.ग.प्रदेश अध्यक्ष श्रीराम दास महंत, पनिका समाज जिला सारंगढ़ बिलाईगढ़ का जिलाध्यक्ष नागेश्वर महंत सहित सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिला का तीनो समाजिक ब्लॉक अध्यक्ष गजेंद्र दास मानिकपुरी (ब्लॉक अध्यक्ष सारंगढ़ ) बावा दास मानिकपुरी (ब्लॉक अध्यक्ष बरमकेला ) टीपू दास दिवान (अध्यक्ष परिक्षेत्र सरसिवा)अशोक दास (निर्वाचन अधिकारी पनिका समाज सारंगढ़ ) दुर्गा दास, सुदामा दास,सहनू दास, शंकर दास, मंथीर दास, शिवप्रसाद महंत, धीरज दास, कमल दास,नौत्तम दास मानिकपुरी, चैनदास मानिकपुरी
, सोहन दास, अशोक दास, मोहन दास,हिमांचल दास, संतोष दास, लोक दास, विषिकेशन दास, मंगल दास, मनि दास, चितरंजन दास,नूतन दास,चुलकल दास, गुहा दास, कमल दास, महा दास,छेदी लाल, संतोष दास, सूरज दास, प्रहलाद दास,समाज के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे। समाज के पदाधिकारियों ने शासन से मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।





















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.