स्वस्थ एवं सशक्त गांव के निर्माण में पंचायतों की भूमिका अहम, जनप्रतिनिधियों को दिया गया स्वास्थ्य प्रशिक्षण
साल्हेवारा एवं कुम्हरवाड़ा में आयोजित प्रशिक्षण में छह ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा, स्वास्थ्य कार्ययोजना और सरकारी योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी
साल्हेवारा खैरागढ । ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने, जनभागीदारी बढ़ाने तथा पंचायतों को स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदार एवं जागरूक बनाने के उद्देश्य से विगत दिनों साल्हेवारा एवं कुम्हरवाड़ा में पंचायत प्रतिनिधियों का स्वास्थ्य विषयक प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण में पंचायत स्तर पर स्वास्थ्य संवर्धन, जन-जागरूकता और स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका को विस्तार से समझाया गया।
प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों को स्वास्थ्य संवर्धन में पंचायतों की भूमिका, ग्रामीण क्षेत्रों का स्वास्थ्य परिदृश्य एवं प्रमुख चुनौतियां, जन-जागरूकता अभियान, ग्राम स्तर पर स्वास्थ्य कार्ययोजना तैयार करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं में सामुदायिक सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ पंचायती राज व्यवस्था, छत्तीसगढ़ पेसा अधिनियम 1996 के क्रियान्वयन, पंचायत स्तर पर संचालित शासकीय योजनाओं तथा जन आरोग्य समिति के गठन एवं प्रबंधन के संबंध में विस्तारपूर्वक प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि गांवों में बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। जनप्रतिनिधि शासन की स्वास्थ्य योजनाओं को आम नागरिकों तक पहुंचाने, स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान करने तथा ग्रामीणों को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। साथ ही उपस्थित प्रतिनिधियों को स्वास्थ्य से संबंधित प्राथमिक एवं आवश्यक जानकारियों से भी अवगत कराया गया।
इस प्रशिक्षण में ग्राम पंचायत साल्हेवारा, नचनिया, आमगांव, कुम्हरवाड़ा, गेरुखदान एवं बकरकट्टा के पंचायत प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
प्रशिक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से अमीलाल धुर्वे, धनसिंग उइके, नरेंद्र कुमार निषाद एवं प्रहलाद पंचकपाट उपस्थित रहे। वहीं स्वास्थ्य पंचायत समन्वयक भागरती पांचे के साथ मितानिन प्रशिक्षिका कृष्णा यादव, दीपिका चौरे, सीमा पंचेश्वर एवं सरोज बाला डड़सेना ने जनप्रतिनिधियों को विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया।
ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में इस प्रकार के प्रशिक्षण को महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इससे पंचायत प्रतिनिधियों को न केवल स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं एवं नियमों की जानकारी मिलती है, बल्कि गांवों में स्वस्थ वातावरण तैयार करने और स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने में भी उनकी सहभागिता सुनिश्चित होती है।।




















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.