गुण्डरदेही - बड़ी खबर
बस स्टैंड के हृदय स्थल पर स्थायी पटाखा लाइसेंस, नियमों को ताक पर रखकर लाइसेंस जारी - जनता की सुरक्षा खतरे में
गुण्डरदेही। नगर के हृदय स्थल बस स्टैंड से महज 20 मीटर की दूरी पर एक व्यापारी को स्थायी पटाखा दुकान का लाइसेंस जिला प्रशासन द्वारा बिना मापदंडों के मनमाने ढंग से जारी कर दिया गया है।
आपको बता दें कि जिस गोदाम में पटाखों का स्टॉक रखा गया है, उससे लगा हुआ एचपी गैस एजेंसी है। उसी से 20 मीटर की दूरी पर पेट्रोल पंप है। गोदाम से मात्र 20 फीट की दूरी पर SBI का ATM और 15 मीटर की दूरी पर होंडा मोटरसाइकिल का शोरूम स्थित है। घनी आबादी और बस स्टैंड के बीचों-बीच स्थायी पटाखा लाइसेंस देना कहीं न कहीं मिलीभगत को दर्शाता है।
इससे गुण्डरदेही नगर सहित ग्रामीण क्षेत्र से आने-जाने वाले लोगों की जान को गंभीर खतरा बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी, तहसीलदार और सीएमओ द्वारा निरीक्षण के दौरान मौखिक रूप से सड़क किनारे लगे पटाखों को अंदर करने को कहा गया था, लेकिन ठोस कार्रवाई के बजाय अधिकारी सिर्फ लाइसेंस चेक कर खाली हाथ लौट गए।
वहीं दूसरी ओर बालोद कलेक्टर दिव्या मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा लगातार मादक पदार्थों और अवैध कार्यों पर कार्रवाई की जा रही है। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या इस स्थायी पटाखा लाइसेंस को निरस्त किया जाएगा, या जिला प्रशासन और स्थानीय प्रशासन के संरक्षण में बारूद के ढेर पर जनता का जीना दूभर होता रहेगा।
बताया जा रहा है कि दुकान का प्रचार-प्रसार इतना तेज है कि प्रतिदिन अखबारों में पर्चे डाले जा रहे हैं। घनी आबादी के बीच सभी नियमों को ताक पर रखकर लाइसेंस जारी करने से जनता के बीच बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं।
सूत्रों से जानकारी के मुताबिक साप्ताहिक बाजार के पास प्रतिवर्ष लगने वाले फटाका दुकान पर रात को वाद विवाद की भी स्थिति नौबत हो गई थी जो मामला अभी तक थाना नहीं पहुंचा है।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.