सिवनी: जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की पहल, लखनादौन सिविल अस्पताल में गर्भवती महिलाओं और सिकल सेल मरीजों को मिल रहा है पूरी तरह निःशुल्क रक्त
सी एन आई न्यूज सिवनी
लखनादौन / ग्रामीण और स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में जिला प्रशासन सिवनी और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) पंकज दुवे के मार्गदर्शन तथा मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी (BMO) अशोक सह्लाम लखनादौन के नेतृत्व में एक अनूठी और अनुकरणीय पहल देखने को मिल रही है। शासकीय सिविल अस्पताल लखनादौन में गर्भवती महिलाओं, सिकल सेल से पीड़ित मरीजों और गंभीर एनीमिया रक्त की भारी कमी से जूझ रहे जरूरतमंद रोगियों के लिए एक मजबूत, पारदर्शी और निःशुल्क स्वास्थ्य सुरक्षा चक्र तैयार किया गया है अस्पताल क्षेत्र में समय-समय पर विशाल सुरक्षित रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाता है, जहां स्वैच्छिक 'रक्तवीर' बढ़-चढ़कर रक्तदान करते हैं। शिविरों में एकत्रित किए गए इस रक्त को जिला ब्लड बैंक, सिवनी में सुरक्षित रूप से जमा कराया जाता है।
लखनादौन सिविल अस्पताल में जब भी किसी गंभीर मरीज को रक्त की आवश्यकता होती है, तो मांग पत्र के आधार पर जिला ब्लड बैंक से समन्वय स्थापित कर तुरंत ब्लड मंगाया जाता है। इस पूरी प्रक्रिया के तहत मरीजों को पूरी तरह निःशुल्क रक्त उपलब्ध कराया जाता है।ब्लड स्टोरेज शाखा प्रभारी राजेंद्र पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस पूरी प्रक्रिया में रोगियों या उनके परिजनों से किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता है। इसके अलावा, मरीजों पर डोनर लाने (रिप्लेसमेंट ब्लड) का कोई दबाव भी नहीं बनाया जाता है, जिससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत मिल रही है।
इस व्यवस्था की प्रभावशीलता का अंदाजा हालिया आंकड़ों से लगाया जा सकता है सितंबर 2026 माह के दौरान कुल 34 यूनिट रक्त जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क उपलब्ध कराया गया। अक्टूबर 2026 सिविल अस्पताल में भर्ती गर्भवती महिलाओं और अन्य मरीजों को 18 यूनिट रक्त निःशुल्क मुहैया कराया गया। इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि लखनादौन अस्पताल मातृ स्वास्थ्य और सिकल सेल पीड़ितों के जीवन की रक्षा के लिए निरंतर तत्पर है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा क्षेत्र में लगातार जनजागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग रक्तदान के लिए आगे आएं। ब्लड स्टोरेज प्रभारी राजेंद्र पटेल, जो स्वयं 32 बार रक्तदान कर चुके हैं, क्षेत्रीय नागरिकों को इस नेक कार्य के लिए लगातार प्रेरित कर रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि चूंकि मानव रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है, इसलिए जनमानस की सक्रिय भागीदारी से ही ऐसे अभियानों को और अधिक मजबूती मिल सकती है। लखनादौन सिविल अस्पताल की यह व्यवस्था ग्रामीण अंचल के मरीजों के लिए वरदान साबित हो रही है।
जिला ब्यूरो छब्बी लाल कमलेशिया की रिपोर्ट


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.