एआई से कलेक्टर का फर्जी आदेश बनाने के दो आरोपी जेल दाखिल
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
दुर्ग - आबकारी प्रकरण में जप्त अपनी मोटरसाइकिल को वापस प्राप्त करने के उद्देश्य से एआई की सहायता लेकर कलेक्टर दुर्ग के नाम से फर्जी शासकीय आदेश तैयार कर उक्त कूटरचित आदेश को वास्तविक सरकारी दस्तावेज बताकर आबकारी कार्यालय में प्रस्तुत कर मोटरसाइकिल सुपुर्दनामा में प्राप्त करने का प्रयास करने के दो आरोपियों को थाना भिलाई भट्ठी पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उमनि विजय अग्रवाल से इस संबंध में मिली विस्तृत जानकारी के अनुसार गत दिवस 14 नवम्बर को प्रार्थी भोजराम रत्नाकर द्वारा थाना भिलाई भट्ठी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसी दिन जय कुमार आडिल एवं युगल किशोर शर्मा दोनों आबकारी नियंत्रण कक्ष, सेक्टर-01 भिलाई पहुंचे थे। दोनों आरोपियों द्वारा वर्ष 2025 के आबकारी प्रकरण में जप्त मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 07 बी 15687 (होंडा एच एफ डिलक्स) को सुपुर्दनामा में प्राप्त करने के लिये कलेक्टर दुर्ग के नाम से जारी एक आदेश प्रस्तुत किया गया। आबकारी कार्यालय में प्रस्तुत आदेश के परीक्षण एवं सत्यापन के दौरान उक्त दस्तावेज फर्जी एवं कूटरचित पाया गया। इस पर थाना भिलाई भट्ठी में आरोपियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने एआई की सहायता से कलेक्टर दुर्ग के नाम से फर्जी आदेश तैयार कर आबकारी कार्यालय में प्रस्तुत करना स्वीकार किया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन एवं फर्जी आदेश की प्रति जप्त की गई। धारा सदर अपराध सबूत पाये जाने से थाना भिलाई भट्ठी पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी भिलाई भट्ठी निरीक्षक धीरेन्द्र नाथ दुबे , सउनि पुनीत राम वर्मा , प्रधान आरक्षक पुरुषोत्तम साहू , आरक्षक अमित सिंह , बालेन्द्र द्विवेदी , युगल देवांगन , जयनारायण यादव एवं आशीष प्रसाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जप्त सामाग्री -
घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और कलेक्टर दुर्ग के नाम से तैयार फर्जी एवं कूटरचित आदेश की प्रति।
गिरफ्तार आरोपीगण -
जय कुमार आडिल उर्फ पप्पू उम्र 32 वर्ष और युगल किशोर शर्मा उर्फ राजा उम्र 40 वर्ष दोनो निवासी ग्राम - मोहरेंगा सतनामी पारा , थाना - नंदिनी नगर , जिला - दुर्ग (छत्तीसगढ़)।
दुर्ग पुलिस की अपील -
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी शासकीय आदेश , प्रमाण-पत्र अथवा आधिकारिक दस्तावेज की सत्यता की पुष्टि संबंधित विभाग से अवश्य करें। एआई अथवा डिजिटल माध्यमों का उपयोग कर फर्जी शासकीय दस्तावेज तैयार करना एवं उनका उपयोग करना दण्डनीय अपराध है। इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त पाये जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जायेगी। नागरिक किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अपराध की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.