पति-पत्नी के बीच संवाद हो, विवाद नहीं : भाई श्यामसुंदर पटेल
बच्चों की शिक्षा, संस्कार और मोबाइल के बढ़ते दुष्प्रभावों पर अभिभावकों को किया जागरूक
बिलाईगढ़। विकासखंड बिलाईगढ़ के ग्राम धाराशिव स्थित बाजार चौक में ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित अखंड नवधा रामायण में श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचकर रामकथा एवं मानस गायन का श्रवण कर रहे हैं।
आयोजन का समापन 21 नवंबर 2026 को हवन, सहस्त्रधारा एवं पूर्णाहुति के साथ होगा। वहीं 20 नवंबर शुक्रवार को राजतिलक के साथ भव्य मानस गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
कथा के तृतीय दिवस प्रातःकालीन सत्र में ट्रांस महानदी क्षेत्र के प्रमुख रामायणी एवं ग्राम बांसउरकुली निवासी भाई श्यामसुंदर पटेल ने रामचरितमानस के बालकांड में वर्णित भगवान शिव एवं माता पार्वती के प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने कहा कि आज हम जिस रामकथा का श्रवण कर रहे हैं, उसके पीछे भगवान शिव एवं माता पार्वती के बीच हुआ मधुर संवाद भी एक महत्वपूर्ण आधार है। लेकिन वर्तमान समाज में यह चिंता का विषय है कि पति-पत्नी के बीच संवाद की जगह विवाद बढ़ता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि दंपत्तियों के बीच होने वाले अनावश्यक विवाद का सीधा और नकारात्मक प्रभाव बच्चों के मन-मस्तिष्क पर पड़ता है। इसलिए पति-पत्नी को आपसी सामंजस्य और मधुर व्यवहार बनाए रखते हुए बच्चों की शिक्षा, संस्कार, खान-पान एवं रहन-सहन पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने मोबाइल के बढ़ते उपयोग पर चिंता जताते हुए कहा कि आज बच्चे मोबाइल में उपलब्ध अच्छी जानकारियों को ग्रहण करने के बजाय गलत और नकारात्मक गतिविधियों की ओर अधिक आकर्षित हो रहे हैं। ऐसे में अभिभावकों की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है।
भाई श्यामसुंदर पटेल ने भगवान शिव एवं माता पार्वती के दांपत्य जीवन का उदाहरण देते हुए बताया कि उनके दो पुत्रों में भगवान कार्तिकेय ने तारकासुर जैसे अत्याचारी राक्षस का वध कर समाज को मुक्ति दिलाई, वहीं भगवान गणेश ने महाभारत जैसे महान ग्रंथ के लेखन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि माता-पिता का कर्तव्य है कि वे अपने बच्चों को उचित शिक्षा और संस्कार देकर ऐसा योग्य बनाएं, ताकि वे भविष्य में समाज के लिए श्रेष्ठ कार्य कर सकें। यही गृहस्थ जीवन की वास्तविक सफलता है।
मानस गायन प्रतियोगिता में आकर्षक पुरस्कार
आयोजन समिति के अध्यक्ष मनराखन प्रजापति, कोषाध्यक्ष कुबेर कर्ष, सचिव मोतीचंद पटेल तथा संचालक सुखराम साहू, कृष्ण कुमार पटेल एवं शिक्षक लीलाधर प्रजापति सहित मानस गायक अवधराम प्रजापति, तेरसबाई प्रजापति, लीलाराम पटेल एवं दरसराम ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 12,001 रुपये, द्वितीय 9,001 रुपये, तृतीय 7,001 रुपये, चतुर्थ 5,501 रुपये, पंचम 4,501 रुपये, षष्ठम 4,001 रुपये, सप्तम 3,501 रुपये, अष्टम 3,001 रुपये, नवम 2,501 रुपये, दशम 2,001 रुपये तथा एकादश पुरस्कार 1,501 रुपये रखा गया है। इसके अतिरिक्त रात्रि 12 बजे के बाद आने वाली प्रत्येक बाहरी मानस मंडली को शिक्षक कृष्ण कुमार पटेल एवं लोकेश साहू की ओर से 100 रुपये प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।
ग्रामवासियों एवं आयोजन समिति ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रामकथा, मानस गायन एवं प्रवचन का श्रवण कर धर्मलाभ उठाने की अपील की है।



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.