महिला पेंशनर्स सम्मेलन में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े को मुख्य अतिथि बनाने का आमंत्रण, स्मृति ईरानी को मुख्य वक्ता के रूप में बुलाने का आग्रह
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सांसद रूपकुमारी चौधरी से चर्चा कर स्मृति ईरानी को आमंत्रित करने का दिया आश्वासन
सी एन आइ न्यूज़ पुरुषोत्तम जोशी।
रायपुर- भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव के नेतृत्व में महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े से उनके शासकीय आवास पर सौजन्य भेंट की। इस दौरान आगामी 20 दिसंबर 2026 को रायपुर के विमतारा भवन, शांतिनगर में आयोजित होने वाले महिला सीनियर सिटीजन पेंशनर्स कल्याण सम्मेलन-2026 में उन्हें मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने हेतु सादर आमंत्रित किया।
प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री श्रीमती राजवाड़े से आग्रह किया कि वे पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री श्रीमती स्मृति ईरानी को सम्मेलन में मुख्य वक्ता के रूप में आमंत्रित करने के लिए भी सहयोग प्रदान करें। महासंघ की ओर से बताया गया कि यह आयोजन वरिष्ठ महिला पेंशनरों के सम्मान, अधिकार, सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तीकरण तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में नारी शक्ति एवं वरिष्ठ नागरिकों की भूमिका पर सार्थक विचार-विमर्श के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि सम्मेलन में प्रदेशभर से वरिष्ठ महिला पेंशनरों, महिला पदाधिकारियों एवं सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय महिलाओं की सहभागिता प्रस्तावित है। यह आयोजन वरिष्ठ महिलाओं के अनुभवों और उनके सामाजिक योगदान को सम्मान देने के साथ ही उनके अधिकारों एवं कल्याण से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।
प्रतिनिधिमंडल के आग्रह पर मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने सकारात्मक पहल करते हुए सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी से चर्चा करने तथा श्रीमती स्मृति ईरानी के छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान महासंघ के इस आयोजन से उन्हें अवगत कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने स्वयं भी श्रीमती स्मृति ईरानी को सम्मेलन में आमंत्रित करने के संबंध में चर्चा करने का भरोसा दिलाया।
प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव के साथ कार्यकारी प्रांताध्यक्ष जे.पी. मिश्रा, प्रदेश महामंत्री अनिल गोल्हानी, दैनिक वेतनभोगी पेंशनर्स कल्याण प्रकोष्ठ के संयोजक अनिल पाठक तथा जिला रायपुर के अध्यक्ष आर.जी. बोहरे शामिल थे।
भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ ने मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के सकारात्मक रुख एवं सहयोग के आश्वासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि उनके सहयोग से यह सम्मेलन वरिष्ठ महिलाओं के सम्मान, अधिकारों और सामाजिक सरोकारों को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण आयोजन सिद्ध होगा।
उक्त जानकारी महासंघ के प्रदेश संगठन मंत्री टी.पी. सिंह ने दी।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.