ऑनलाइन सट्टा संचालित करने के चार आरोपी जेल दाखिल
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
दुर्ग - मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर तत्काल घेराबंदी कर रेड कार्यवाही करते हुये ऑनलाइन सट्टा गतिविधियों के विरुद्ध की गई त्वरित कार्यवाही में ‘रेड्डी अन्ना 108’ एप्लीकेशन के माध्यम से अवैध सट्टा संचालित करने वाले चार आरोपियों को थाना खुर्सीपार पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उमनि विजय अग्रवाल से इस संबंध में मिली विस्तृत जानकारी के अनुसार थाना खुर्सीपार पुलिस को आज मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ट्रांसपोर्ट नगर स्थित गुरुदयाल सिंह के यार्ड में , टाटा सर्विस सेंटर के पास एक कमरे में कुछ व्यक्ति लैपटॉप एवं मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना के अनुसार विभिन्न व्यक्तियों के खातों एवं एटीएम कार्ड का उपयोग कर सट्टे की रकम का लेन-देन भी किया जा रहा था। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी एवं रेड कार्यवाही की गई। मौके पर चार व्यक्ति ऑनलाइन सट्टा गतिविधियों में संलिप्त पाये गये। पुलिस द्वारा आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ एवं आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की गई। उनके कब्जे से ऑनलाइन सट्टा संचालन में प्रयुक्त 02 लैपटॉप , 15 एटीएम कार्ड , 17 मोबाइल फोन एवं 90,000 रूपये नगद सहित अन्य सामाग्री जप्त की गई। थाना खुर्सीपार में अपराध क्रमांक 510/2026, धारा 6, 7, 8 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 एवं धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। धारा सदर अपराध सबूत पाये जाने से थाना खुर्सीपार पुलिस ने सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। उक्त कार्यवाही में थाना खुर्सीपार पुलिस टीम के अधिकारी एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपीगण -
अमित तिवारी उम्र 21 वर्ष निवासी सेक्टर-11 , जोन-02 , खुर्सीपार भिलाई , विकास कुमार साहू उम्र 24 वर्ष निवासी - मछली मार्केट , जोन-02 , खुर्सीपार भिलाई , शुभम कुमार पाल उम्र 21 वर्ष निवासी सेक्टर-11 , जोन-02 , खुर्सीपार भिलाई और यशमीत सिंह उम्र 19 वर्ष निवासी जोन-03 , मस्जिद के पास , खुर्सीपार भिलाई , जिला - दुर्ग (छत्तीसगढ़)।
जप्त सामाग्री -
लैपटॉप 02 नग , एटीएम कार्ड 15 नग , मोबाइल फोन 17 नग नगदी रकम 90,000 रूपये और ऑनलाइन सट्टा एप्लीकेशन/पैनल ‘रेड्डी अन्ना 108’ से संबंधित डिजिटल साक्ष्य एवं अन्य सामाग्री।
दुर्ग पुलिस की अपील -
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि ऑनलाइन सट्टा एवं अवैध गेमिंग एप्लीकेशन के प्रलोभन में ना आयें। अपना बैंक खाता , एटीएम कार्ड , पासबुक , सिम कार्ड अथवा ओटीपी किसी अनजान व्यक्ति को उपलब्ध ना करायें। कमीशन या आर्थिक लालच में अपना बैंक खाता दूसरों को उपयोग करने देना कानूनी परेशानी का कारण बन सकता है। ऑनलाइन सट्टा अथवा संदिग्ध वित्तीय गतिविधियों की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना अथवा पुलिस को दें।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.