ब्रेकिंग दंतेवाड़ा
लोकेशन दंतेवाड़ा छत्तीसगढ़
रिपोर्टर असीम पाल ब्यूरो
दंतेवाड़ा
दिनांक 16/11/2026
बैलाडीला से खनिज देश को, इलाज के लिए गरीबों को दर-दर भटकना! NMDC के 25 करोड़ पर बड़ा सवाल
दंतेवाड़ा। बैलाडीला की खदानों से निकलने वाला लौह अयस्क देश की औद्योगिक तरक्की में योगदान दे रहा है। NMDC को इन खदानों से करोड़ों का कारोबार मिल रहा है, लेकिन इसी खनन क्षेत्र के गरीब और आदिवासी परिवार गंभीर बीमारी के इलाज के लिए आज भी आर्थिक मजबूरी से जूझ रहे हैं। सवाल है कि जिस इलाके के खनिज से देश को फायदा हो रहा है, वहां के लोगों को बेहतर इलाज की गारंटी आखिर कब मिलेगी?
भांसी क्षेत्र के मासापारा में बीमारी से सात ग्रामीणों की मौत से जुड़े परिवारों की आपबीती स्वास्थ्य व्यवस्था की जमीनी हकीकत पर गंभीर सवाल खड़े करती है। परिजनों के मुताबिक, रोजी-रोटी की तलाश में हैदराबाद गए परिवार के सदस्य बीमार होकर गांव लौटे।
पहले बचेली अपोलो अस्पताल में दिखाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए बाहर जाने की सलाह मिली। जिला अस्पताल में भी दिखाया गया, लेकिन वहां से भी बड़े अस्पताल में इलाज कराने की बात कही गई। गरीब परिवारों के पास बाहर इलाज कराने के लिए पैसे नहीं थे। आर्थिक मजबूरी के बीच मरीजों की जान चली गई।
यह सिर्फ सात मौतों की कहानी नहीं, बल्कि उस व्यवस्था पर सवाल है जहां गरीब परिवार के सामने बीमारी से लड़ने से पहले इलाज के खर्च से लड़ने की चुनौती खड़ी हो जाती है।
दंतेवाड़ा जिले के डिमरापाल में 240 बिस्तरों वाला सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल मौजूद है। यहां पात्र मरीजों को आयुष्मान कार्ड से उपचार की सुविधा भी मिलती है। लेकिन बैलाडीला और आसपास के दूरस्थ गांवों के मरीजों के लिए जगदलपुर तक पहुंचना ही बड़ी चुनौती है। बस किराया, आने-जाने का खर्च और परिजनों के रहने-खाने की व्यवस्था गरीब परिवारों की कमर तोड़ देती है।
सबसे बड़ा सवाल NMDC की सालाना 25 करोड़ रुपये की सहायता को लेकर है।
NMDC के आधिकारिक सोशल मीडिया पोस्ट में बताया गया है कि कंपनी डिमरापाल स्थित कॉन्टिनेंटल सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के संचालन और रखरखाव के लिए प्रतिवर्ष 25 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दे रही है। केंद्रीय इस्पात मंत्रालय की वार्षिक रिपोर्ट 2025-26 के पेज नंबर 169 पर भी अस्पताल के संचालन और रखरखाव के लिए NMDC की आर्थिक सहायता का उल्लेख है।
लेकिन सवाल यह है कि करोड़ों रुपये की इस सहायता का लाभ बैलाडीला के खनन प्रभावित गरीब परिवारों तक कितना पहुंच रहा है? क्या इन परिवारों के लिए इलाज की कोई विशेष व्यवस्था है? क्या गंभीर मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए एंबुलेंस या परिवहन सहायता उपलब्ध है? क्या रेफरल के बाद मरीजों के इलाज की जिम्मेदारी सुनिश्चित की गई है?
जब इस संबंध में NMDC प्रबंधन से सहायता की राशि, समझौते और शर्तों की जानकारी मांगी गई, तो संबंधित अधिकारी ने दंतेवाड़ा कलेक्टर से जानकारी लेने की बात कही।
अब सवाल NMDC प्रबंधन और जिला प्रशासन दोनों से है।
जिस बैलाडीला की धरती से निकलने वाला लोहा देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रहा है, उसी बैलाडीला के गरीब परिवार इलाज के लिए पैसों के अभाव में बेबस क्यों हैं? डिमरापाल अस्पताल के लिए सालाना 25 करोड़ रुपये की सहायता के बावजूद खनन प्रभावित क्षेत्र के मरीजों को बेहतर इलाज तक पहुंचाने की ठोस व्यवस्था क्यों नहीं है?
खनिज संपदा से समृद्ध दंतेवाड़ा के लोगों के हिस्से में अगर गंभीर बीमारी के समय सिर्फ आर्थिक लाचारी और अस्पतालों के चक्कर आते हैं, तो विकास के दावों का फायदा आखिर किसे मिल रहा है?




















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.