भाजपा के प्रदर्शन और घेराव का दिया जवाब
*विधायक ने कहा- 29 में से 20 वादे हुए पूरे
, प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ भाजपाई भी ले रहे*
*विधायक ने प्रेसवार्ता में गिनाई उपलब्धियां*
*कहा कि 15 साल में भाजपाईयाें ने सिर्फ निजी स्वार्थ के कार्य किए*
खैरागढ़. विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान भाजपा के विधायक निवास घेराव और नारेबाजी के खिलाफ विधायक यशोदा वर्मा ने इसे भाजपा का चुनावी सगुफा बताते हुए कहा कि 15 साल के कार्यकाल में केवल खुद का विकास और स्वार्थ देखने वाली भाजपा मुद्दाविहीन होने के बाद ऐसे प्रदर्शन से जनता को बरगलाने में लगी है।
प्रेसवार्ता में विधायक ने भाजपा द्वारा लगाए गए आरोपों का सिलसिलेवार जवाब देते कहा कि विधायक निवास घेराव के दौरान वह प्रदेश के सभी विधायकों के साथ विधानसभा सत्र में थीं। इसके बाद भी भाजपाईयाें ने विधायक के भागने का आरोप लगाया। यशोदा ने कहा कि वह भाजपा के सभी आरोपाें का जवाब शहर के राजीव चौक में 4 अगस्त को आयोजित कार्यक्रम में देकर भाजपा की पोल खोलेंगी। विधायक ने 15 माह के कार्यकाल की उपलब्धि गिनाते कहा कि प्रदेश की भूपेश सरकार ने विधायक बनते ही वर्षों पुरानी जिला निर्माण की मांग को तीन घंटे में पूरा कर दिया। शिक्षा,सड़क,स्वास्थ्य, विकास कार्याें की लंबी श्रृंखला चल रही है। वर्षों पुरानी मांगों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जा रहा है। पिछले 15 सालों में खुद का विकास करने वाले भाजपाई इसे पचा नहीं पा रहे हैं। पालिका में दस और जनपद पंचायत में 5 वर्षों तक राज करने वाले विक्रांत सिंह,पूर्व संसदीय सचिव और विधायक रहे कोमल जंघेल के खिलाफ भी मुखर होते विधायक यशोदा ने कहा कि भाजपा राज में अपने निजी स्वार्थ के कार्याें को पूरा किया। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई योजनाओं के कार्य में असफल रहे। विधायक ने कहा कि भाजपा नेता बताएं कि भूपेश सरकार की कर्जमाफी, किसान न्याय योजना, बिजली बिल हाफ का लाभ लेकर भी सरकार को क्यों कोस रहे हैं।
15 माह में ये कार्य हुए
विधायक ने अपने कांग्रेस के वायदों को गिनाते कहा कि सरकार ने खैरागढ़ जिला निर्माण सहित घोषणा पत्र में शामिल 20 वादाें को पूरा किया है। बाकी के कार्य प्रगति पर हैं। 15 माह के कार्यकाल में ही साल्हेवारा तहसील, जालबांधा उपतहसील, स्वामी आत्मानंद के 5 नए विद्यालय, बाजार अतरिया, जालबांधा में महाविद्यालय बिना मांगे खैरागढ़ में कन्या महाविद्यालय तीन जगहाें पर 50 बिस्तर अस्पताल, 3 नए धान खरीदी केन्द्रो की शुरुआत की गई।
इसी तरह सब स्टेशन का निर्माण, वर्षो पुराने पहुँच मार्गों का उन्नयन, सड़क, नाली जैसे कार्य प्राथमिकता के साथ पूरे किए गए हैं। सिंचाई के कार्यों को वर्षों बाद भूपेश सरकार ने प्राथमिकता देते सिद्धबाबा जलाशय को मूर्त रूप देने प्रयास किया है। आमाघाट कादा, रंगकठेरा और शहर के टिकरापारा पुल निर्माण का टेंडर अंतिम चरण में हैं। वनांचल को सड़क के साथ शिक्षा की बेहतर व्यवस्था से जोड़ा गया है। विधायक ने कहा कि बरबसपुर व्यपवर्तन योजना के तहत नहरों के जीर्णोद्धार और लाइनिंग के लिए 13 करोड़, बीरूटोला स्टापडेम मरम्मत और नहर जीर्र्णोद्धार के लिए 3 करोड़, मुतेड़ा एनीकट रपटा निर्माण के लिए पौने पांच करोड़, सिद्ध बाबा जलाशय स्वीकृति सवा दो करोड़, उदयपुर सीसी सड़क सवा करोड़, तीन पुरानी सड़क निर्माण की मांग पर 42 करोड़ रू, बुनकर सोसायटी जीर्णोद्धार के लिए सवा दो करोड़, आमाघाट कादा पूल के लिए 4 करोड़ 69 लाख, टिकरापारा पुल निर्माण के लिए 5 करोड 44 लाख, रंगकठेरा पुल के लिए 6 करोड़ 96 लाख रू की स्वीकृति दी जा चुकी है। इस दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष भीखम छाजेड़, ग्रामीण अध्यक्ष आकाशदीप सिंह, मनराखन देवांगन, नीलांबर वर्मा, मीरा चोपउ़ा, विप्लव साहू, मिहिर झा, कर्मजीत सिंह, नपाध्यक्ष शैलेन्द्र वर्मा, सभापति शत्रुहन धृतलहरे, दीपक देवांगन, सुमित जैन, रोहित यादव मौजूद रहे।
*सीएनआई न्यूज़ खैरागढ़ से सोमेश कुमार की रिपोर्ट*


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.