300 किलो 200 ग्राम गांजा परिवहन मामले में फरार आरोपी उत्तरप्रदेश से गिरफ्तार
सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के सरिया थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ गांजा परिवहन के एक बड़े मामले में फरार चल रहे आरोपी को उत्तरप्रदेश से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने आरोपी को फतेहपुर (उत्तरप्रदेश) से पकड़कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के पुलिस अधीक्षक श्री आंजनेय वार्ष्णेय के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री एवं परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पाण्डेय तथा उप पुलिस अधीक्षक सुश्री संतोषी ग्रेस के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रमोद यादव के नेतृत्व में सरिया पुलिस ने फरार आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की।
गौरतलब है कि 26 दिसंबर 2025 को चंद्रपुर रोड सरिया में पुलिस को उड़ीसा से गांजा परिवहन की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने महिंद्रा बोलेरो पिकअप क्रमांक UP 64 CT 6904 को घेराबंदी कर रोककर तलाशी ली, जिसमें 300 किलो 200 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया था। इस मामले में वाहन चालक राहुल कुमार पिता रामविलास निवासी हुसैनगंज (उत्तरप्रदेश) को मौके से गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध अपराध क्रमांक 278/25 धारा 20(B) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था।
मामले में शामिल दूसरा आरोपी दिव्यांशु सिंह उर्फ बबलू (24 वर्ष) पिता रामबाबू निवासी हसनपुर, थाना हुसैनगंज, जिला फतेहपुर (उत्तरप्रदेश) घटना के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को फतेहपुर (उत्तरप्रदेश) से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने घटना के दिन पुलिस की घेराबंदी के दौरान मौके से भाग जाने और गांजा परिवहन में शामिल होने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपी को 9 मार्च 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रमोद यादव, उप निरीक्षक सुमन चौहान, मोतीलाल डनसेना, प्रधान आरक्षक सुरेंद्र सिदार, आरक्षक नरेंद्र चंद्रा, लक्ष्मी पटेल, साइबर सेल प्रभारी रामकुमार मानिकपुरी, कृष्णा डनसेना, दीपक मैत्री सहित थाना स्टाफ का विशेष योगदान रहा।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.