आत्महत्या के लिये उकसाने के तीन आरोपी जेल दाखिल
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
दुर्ग - वैवाहिक विवाद एवं मानसिक प्रताड़ना देकर आत्महत्या के लिये उकसाने के प्रकरण में आरोपिया पत्नी सहित उसके भाई एवं मामा को घटना से संबंधित वीडियो साक्ष्य के आधार पर उत्तरप्रदेश से विधिवत गिरफ्तार कर सिटी कोतवाली पुलिस ने माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। वहीं प्रकरण में वैधानिक कार्यवाही जारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल से इस संबंध में मिली विस्तृत जानकारी के अनुसार मर्ग क्रमांक 13/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत मृतक विशाल गुप्ता उम्र 30 वर्ष , निवासी गया नगर वार्ड क्रमांक 04 दुर्ग के आत्महत्या प्रकरण की जांच की गई। मर्ग जांच के दौरान परिजनों के कथन , पोस्टमार्टम रिपोर्ट , घटनास्थल निरीक्षण एवं मेडिकल रिपोर्ट का परीक्षण किया गया। जांच में यह तथ्य सामने आया कि मृतक द्वारा विगत दिवस 11 मार्च को आत्महत्या से पूर्व अपने मोबाइल फोन में एक वीडियो रिकॉर्ड किया गया था , जिसमें उसने अपनी पत्नी एवं उसके परिजनों द्वारा लगातार मानसिक प्रताड़ना देने का उल्लेख किया। प्रताड़ना के कारण मानसिक रूप से आहत होकर मृतक द्वारा 11 मार्च को रात्रि लगभग साढ़े दस बजे फांसी लगाकर आत्महत्या करना पाया गया। जांच उपरांत धारा 108 , 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध क्रमांक 157/2026 पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुये टीम गठित कर आरोपियों की तलाश हेतु उत्तरप्रदेश रवाना किया गया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों का पता लगाते हुये सिटी कोतवाली पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। उक्त कार्यवाही में थाना सिटी कोतवाली दुर्ग के उप निरीक्षक निर्मल सिंह ध्रुव , आरक्षक कमलेश देशमुख , आरक्षक विकास तिवारी एवं महिला आरक्षक लता रजक का विशेष योगदान रहा।
गिरफ्तार आरोपीगण -
तनु उर्फ मोहनी गुप्ता उम्र 25 वर्ष निवासी - गया नगर दुर्ग (हाल पता – मौहदा , जिला हमीरपुर (उत्तरप्रदेश) , शिवा गुप्ता उम्र 19 वर्ष निवासी - मौहदा , जिला - हमीरपुर (उत्तरप्रदेश) और कृष्ण कुमार गुप्ता उम्र 50 वर्ष निवासी - सुमेरपुर पेलानी रोड , जिला - हमीरपुर (उत्तरप्रदेश)।
जप्त सामाग्री -
एक मोबाइल फोन (घटना से संबंधित वीडियो साक्ष्य)।
दुर्ग पुलिस की अपील -
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी प्रकार की मानसिक प्रताड़ना या पारिवारिक विवाद की स्थिति में कानूनी सहायता लें एवं पुलिस को सूचना दें। आत्महत्या जैसे गंभीर कदम से बचें तथा कानून व्यवस्था बनाये रखने में सहयोग करें। दोषियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.