मासूम बच्ची से दुष्कर्म करने का आरोपी जेल दाखिल
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
दुर्ग - पांच वर्षीया मासूम बच्ची से दुष्कर्म कर उसे बोरे में बंद कर खण्डहर में छुपाकर फरार हुये आरोपी को त्वरित कार्यवाही करते हुये थाना उतई पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उप पुलिस महानिरीक्षक विजय अग्रवाल से इस संबंध में मिली विस्तृत जानकारी के अनुसार गत दिवस 10 अप्रैल को थाना उतई में सूचनाकर्ता द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसकी पांच वर्षीया पुत्री घर के पास दुकान जाने के बाद वापस नहीं लौटी। सूचना प्राप्त होते ही थाना उतई पुलिस द्वारा मामले की गंभीरता एवं संवेदनशीलता को दृष्टिगत रखते हुये तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर गांववासियों के साथ समन्वय स्थापित कर सघन तलाश प्रारंभ की गई। लगभग दो घंटे के भीतर की गई सक्रिय खोजबीन के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपी द्वारा बालिका को बोरे में बंद कर ले जाया जा रहा था , किन्तु पुलिस की त्वरित कार्यवाही एवं दबाव के कारण आरोपी ने बालिका को खण्डहर में छुपाकर मौके से फरार हो गया। तत्पश्चात पुलिस एवं स्थानीय नागरिकों के संयुक्त प्रयास से बालिका को अचेत अवस्था में तत्काल बरामद कर उपचार हेतु अस्पताल पहुंचाया गया। वर्तमान में बालिका की स्थिति खतरे से बाहर है एवं चिकित्सकीय निगरानी में है। विवेचना के दौरान घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी फूटेज के आधार पर आरोपी धनेश्वर साहू उर्फ जनता साहू को चिन्हित कर हिरासत में लेकर पूछताछ की गई , जिसने अपराध करना स्वीकार किया। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 193/2026 धारा 137(2) , 65(2) , 238 , 109 , 140(3) बीएनएस एवं धारा 4 , 6 पॉक्सो एक्ट के तहत वैधानिक कार्यवाही की गई है। धारा सदर अपराध सबूत पाये जाने से थाना उतई पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी -
धनेश्वर साहू उर्फ जनता साहू उम्र 40 वर्ष निवासी - बंजारी पारा , वार्ड क्रमांक 08 उतई , जिला - दुर्ग (छत्तीसगढ़)।
जप्त सामाग्री -
एक बोरा , तकिया कवर और घटना के समय पहने कपड़े।
दुर्ग पुलिस की अपील -
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि अपने बच्चों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। ऐसे जघन्य अपराधों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.