ब्रेकिंग दंतेवाड़ा
लोकेशन दंतेवाड़ा छत्तीसगढ़
रिपोर्टर। असीम पाल ब्यूरो
चीफ दंतेवाड़ा
दिनांक : 15 अगस्त 2026
जिला दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा
दंतेवाड़ा जिले मे नक्सल मुक्त हुए गांवों में पहली बार लहराया तिरंगा, आजादी के जश्न में शामिल हुए ग्रामीण, दंतेवाड़ा पुलिस एवं प्रशासन ने बांटी खुशियां
दंतेवाड़ा जिले में स्वतंत्रता दिवस 2026 का पर्व इस वर्ष ऐतिहासिक एवं भावनात्मक क्षणों का साक्षी बना। वर्षों तक नक्सली प्रभाव से प्रभावित रहे थाना किरंदुल क्षेत्र के पुरंगेल, लोहागांव, बड़ेपल्ली, बेंगपाल एवं ग्राम पंचायत ~गुमलनार के गिरसापारा में नक्सल मुक्त होने के बाद पहली बार
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। इन गांवों में पहली बार खुले एवं निर्भय वातावरण में तिरंगा लहराने से ग्रामीणों में अभूतपूर्व उत्साह, गर्व एवं खुशी का माहौल देखने को मिला।
पुलिस अधीक्षक दंतेवाड़ा श्री चंद्रमोहन सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन में दंतेवाड़ा पुलिस एवं जिला प्रशासन द्वारा इन पांचों गांवों में स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन हर्षोल्लास एवं जनभागीदारी के साथ किया गया। कार्यक्रमों में पुलिस अधिकारियों, जवानों, प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।
राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया तथा ग्रामीणों ने पूरे उत्साह के साथ स्वतंत्रता दिवस का पर्व मनाया। गांवों में देशभक्ति के गीतों, बच्चों की प्रस्तुतियों एवं ग्रामीणों की सहभागिता ने समारोह को यादगार बना दिया। ग्रामीणों ने कहा कि आज वे स्वयं को विकास एवं शांति की मुख्यधारा से जुड़ा हुआ महसूस कर रहे हैं और पहली बार स्वतंत्रता दिवस का उत्सव इतनी खुशी और आत्मविश्वास के साथ मना पा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान दंतेवाड़ा पुलिस द्वारा ग्रामीणों को मिठाई वितरित की गई तथा बच्चों को खेलकूद सामग्री प्रदान कर उन्हें शिक्षा, खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित किया गया। पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों ने ग्रामीणों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं सुझावों की जानकारी ली तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर साइबर अपराधों से बचाव, नशामुक्ति, सड़क सुरक्षा एवं सामाजिक जागरूकता विषयों पर भी चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को साइबर ठगी से सतर्क रहने, नशे से दूर रहने तथा सामाजिक सौहार्द एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम केवल एक राष्ट्रीय पर्व का आयोजन नहीं था, बल्कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में स्थापित हो रही शांति, विश्वास और विकास की नई शुरुआत का प्रतीक भी था। कभी भय और असुरक्षा के माहौल से घिरे रहे इन गांवों में आज तिरंगे की शान, बच्चों की मुस्कान और ग्रामीणों के उत्साह ने यह संदेश दिया कि क्षेत्र अब अमन, शांति और विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
दंतेवाड़ा पुलिस का संकल्प है कि सुरक्षा, विश्वास और विकास के माध्यम से क्षेत्र में स्थायी शांति स्थापित कर प्रत्येक नागरिक को सम्मानपूर्वक और निर्भय जीवन उपलब्ध कराया जाए।




















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.